| 1 | यात्रा का गीत मैं अपनी आँखें पर्वतों की ओर लगाऊँगा। मुझे सहायता कहाँ से मिलेगी? |
| 2 | मुझे सहायता यहोवा की ओर से मिलती है, जो आकाश और पृथ्वी का कर्ता है। |
| 3 | वह तेरे पाँव को टलने न देगा, तेरा रक्षक कभी न ऊँघेगा। |
| 4 | सुन, इस्राएल का रक्षक, न ऊँघेगा और न सोएगा। |
| 5 | यहोवा तेरा रक्षक है; यहोवा तेरी दाहिनी ओर तेरी आड़ है। |
| 6 | न तो दिन को धूप से, और न रात को चाँदनी से तेरी कुछ हानि होगी। |
| 7 | यहोवा सारी विपत्ति से तेरी रक्षा करेगा; वह तेरे प्राण की रक्षा करेगा। |
| 8 | यहोवा तेरे आने जाने में तेरी रक्षा अब से लेकर सदा तक करता रहेगा। |