該文本有以下語言版本:
1 तब शूही बिलदद ने कहा,
2 “तुम कब तक फन्दे लगा लगाकर वचन पकड़ते रहोगे? चित्त लगाओ, तब हम बोलेंगे।
3 हम लोग तुम्हारी दृष्‍टि में क्यों पशु के तुल्य समझे जाते, और अशुद्ध ठहरे हैं।
4 हे अपने को क्रोध में फाड़नेवाले क्या तेरे निमित्त पृथ्वी उजड़ जाएगी, और चट्टान अपने स्थान से हट जाएगी?
5 “निश्‍चय दुष्‍टों का दीपक बुझ जाएगा, और उसकी आग की लौ न चमकेगी।
6 उसके डेरे में का उजियाला अन्धेरा हो जाएगा, और उसके ऊपर का दिया बुझ जाएगा।
7 उसके बड़े बड़े डग छोटे हो जाएँगे, और वह अपनी ही युक्‍ति के द्वारा गिरेगा।
8 वह अपना ही पाँव जाल में फँसाएगा, वह फन्दों पर चलता है।
9 उसकी एड़ी फन्दे में फँस जाएगी, और वह जाल में पकड़ा जाएगा।
10 फन्दे की रस्सियाँ उसके लिये भूमि में, और जाल रास्ते में छिपा दिया गया है।
11 चारों ओर से डरावनी वस्तुएँ उसे डराएँगी और उसके पीछे पड़कर उसको भगाएँगी।
12 उसका बल दु:ख से घट जाएगा, और विपत्ति उसके पास ही तैयार रहेगी।
13 वह उसके अंग को खा जाएगी, वरन् काल का पहिलौठा उसके अंगों को खा लेगा।
14 अपने जिस डेरे का भरोसा वह करता है, उससे वह छीन लिया जाएगा; और वह भयंकरता के राजा के पास पहुँचाया जाएगा।
15 जो उसके यहाँ का नहीं है वह उसके डेरे में वास करेगा, और उसके घर पर गन्धक छितराई जाएगी।
16 उसकी जड़ सूख जाएगी, और डालियाँ कट जाएँगी।
17 पृथ्वी पर से उसका स्मरण मिट जाएगा, और बाजार में उसका नाम कभी न सुन पड़ेगा।
18 वह उजियाले से अन्धियारे में ढकेल दिया जाएगा, और जगत में से भी भगाया जाएगा।
19 उसके कुटुम्बियों में उसके कोई पुत्र-पौत्र न रहेगा, और जहाँ वह रहता था, वहाँ कोई बचा न रहेगा।
20 उसका दिन देखकर पश्‍चिम के लोग चकित होंगे, और पूरब के निवासियों के रोएँ खड़े हो जाएँगे।
21 नि:सन्देह कुटिल लोगों के निवास ऐसे हो जाते हैं, और जिसको परमेश्‍वर का ज्ञान नहीं रहता उसका स्थान ऐसा ही हो जाता है।”
← 落後 結尾
18
章節
向前 →
點擊經節編號可選取該節。 搭配
Shift
或
Ctrl
鍵可多選。