이 텍스트는 다른 언어로도 제공됩니다:
1 फिर एलीहू ने यह भी कहा,
2 “कुछ ठहरा रह, और मैं तुझ को समझाऊँगा, क्योंकि परमेश्‍वर के पक्ष में मुझे कुछ और भी कहना है।
3 मैं अपने ज्ञान की बात दूर से ले आऊँगा, और अपने सिरजनहार को धर्मी ठहराऊँगा।
4 क्योंकि निश्‍चय मेरी बातें झूठी न होंगी, वह जो तेरे संग है वह पूरा ज्ञानी है।
5 “देख, परमेश्‍वर सामर्थी है, और किसी को तुच्छ नहीं जानता; वह समझने की शक्‍ति में समर्थ है।
6 वह दुष्‍टों को जिलाए नहीं रखता, और दीनों को उनका हक़ देता है।
7 वह धर्मियों से अपनी आँखें नहीं फेरता, वरन् उनको राजाओं के संग सदा के लिये सिंहासन पर बैठाता है, और वे ऊँचे पद को प्राप्‍त करते हैं।
8 चाहे वे बेड़ियों में जकड़े जाएँ और दु:ख की रस्सियों से बाँधे जाएँ,
9 तौभी परमेश्‍वर उन पर उनके काम, और उनका यह अपराध प्रगट करता है, कि उन्होंने गर्व किया है।
10 वह उनके कान शिक्षा सुनने के लिये खोलता है, और आज्ञा देता है कि वे बुराई से दूर रहें।
11 यदि वे सुनकर उसकी सेवा करें, तो वे अपने दिन कल्याण से, और अपने वर्ष सुख से पूरे करते हैं।
12 परन्तु यदि वे न सुनें, तो वे तलवार से नष्‍ट हो जाते हैं, और अज्ञानता में मरते हैं।
13 “परन्तु वे जो मन ही मन भक्‍तिहीन होकर क्रोध बढ़ाते, और जब वह उनको बाँधता है, तब भी दोहाई नहीं देते,
14 वे जवानी में मर जाते हैं और उनका जीवन लुच्‍चों के बीच में नष्‍ट होता है।
15 वह दु:खियों को उनके दु:ख से छुड़ाता है, और उपद्रव में उनका कान खोलता है।
16 परन्तु वह तुझ को भी क्लेश के मुँह में से निकालकर ऐसे चौड़े स्थान में जहाँ सकेती नहीं है, पहुँचा देता है, और चिकना चिकना भोजन तेरी मेज़ पर परोसता है।
17 “परन्तु तू ने दुष्‍टों का सा निर्णय किया है इसलिये निर्णय और न्याय तुझ से लिपटे रहते हैं।
18 देख, तू क्रोध में भड़ककर ठट्ठा मत कर, और न प्रायश्‍चित को अधिक बड़ा जानकर मार्ग से मुड़।
19 क्या तेरा रोना या तेरा बल तुझे दु:ख से छुटकारा देगा?
20 उस रात की अभिलाषा न कर, जिसमें देश देश के लोग अपने अपने स्थान से मिटाए जाते हैं।
21 चौकस रह, अनर्थ काम की ओर मत फिर, तू ने तो दु:ख से अधिक इसी को चुन लिया है।
22 देख, परमेश्‍वर अपने सामर्थ्य से बड़े बड़े काम करता है, उसके समान शिक्षक कौन है?
23 किसने उसके चलने का मार्ग ठहराया है? और कौन उससे कह सकता है, ‘तू ने अनुचित काम किया है?’
24 “उसके कामों की महिमा और प्रशंसा करना स्मरण रख, जिसकी प्रशंसा का गीत मनुष्य गाते चले आए हैं।
25 सब मनुष्य उसको ध्यान से देखते आए हैं, और मनुष्य उसे दूर दूर से देखता है।
26 देख, परमेश्‍वर महान् और हमारे ज्ञान से कहीं परे है, और उसके वर्ष की गिनती अनन्त है।
27 क्योंकि वह तो जल की बूंदें ऊपर को खींच लेता है वे कुहरे से मेंह होकर टपकती हैं,
28 वे ऊँचे ऊँचे बादल उँडेलते हैं, और मनुष्यों के ऊपर बहुतायत से बरसाते हैं।
29 फिर क्या कोई बादलों का फैलना और उसके मण्डल में का गरजना समझ सकता है?
30 देख, वह अपने उजियाले को चारों ओर फैलाता है, और समुद्र की थाह को ढाँपता है।
31 क्योंकि वह देश देश के लोगों का न्याय इन्हीं से करता है, और भोजनवस्तुएँ बहुतायत से देता है।
32 वह बिजली को अपने हाथों में लेकर उसे आज्ञा देता है कि निशाने पर गिरे।
33 इसकी कड़क उसी का समाचार देती है पशु भी प्रगट करते हैं कि अन्धड़ चढ़ा आता है।
구절 번호를 클릭하여 선택할 수 있습니다. 작동
Shift
및
Ctrl