Այս տեքստը հասանելի է նաև այլ լեզուներով՝
1 “हे मनुष्य के सन्तान, एक पैनी तलवार ले, और उसे नाई के उस्तरे के समान काम में लाकर अपने सिर और दाढ़ी के बाल मूँड़ डाल, तब तौलने का काँटा लेकर बालों के भाग कर।
2 जब नगर के घिरने के दिन पूरे हों, तब नगर के भीतर एक तिहाई आग में डालकर जलाना, और एक तिहाई लेकर चारों ओर तलवार से मारना; और एक तिहाई को पवन में उड़ाना, और मैं तलवार खींचकर उसके पीछे चलाऊँगा।
3 तब इन में से थोड़े से बाल लेकर अपने कपड़े की छोर में बाँधना।
4 फिर इन में से भी थोड़े से लेकर आग के बीच डालना कि वे आग में जल जाएँ, तब उसी में से एक लौ भड़ककर इस्राएल के सारे घराने में फैल जाएगी।
5 “प्रभु यहोवा यों कहता है: यरूशलेम ऐसी ही है; मैं ने उसको अन्य जातियों के बीच में ठहराया, और वह चारों ओर देशों से घिरी है।
6 उसने मेरे नियमों के विरुद्ध काम करके अन्य जातियों से अधिक दुष्‍टता की, और मेरी विधियों के विरुद्ध चारों ओर के देशों के लोगों से अधिक बुराई की है; क्योंकि उन्होंने मेरे नियम तुच्छ जाने, और वे मेरी विधियों पर नहीं चले।
7 इस कारण प्रभु यहोवा यों कहता है: तुम लोग जो अपने चारों ओर की जातियों से अधिक हुल्‍लड़ मचाते, और न मेरी विधियों पर चलते, न मेरे नियमों को मानते और अपने चारों ओर की जातियों के नियमों के अनुसार भी न किया,
8 इस कारण प्रभु यहोवा यों कहता है: देख, मैं स्वयं तेरे विरुद्ध हूँ; और अन्य जातियों के देखते मैं तेरे बीच न्याय के काम करूँगा।
9 तेरे सब घिनौने कामों के कारण मैं तेरे बीच ऐसा करूँगा, जैसा अब तक न किया है, और न भविष्य में फिर करूँगा।
10 इसलिये तेरे बीच बच्‍चे अपने अपने बाप का, और बाप अपने अपने बच्‍चों का मांस खाएँगे; और मैं तुझ को दण्ड दूँगा,
11 और तेरे सब बचे हुओं को चारों ओर तितर बितर करूँगा। इसलिये प्रभु यहोवा की यह वाणी है, कि मेरे जीवन की सौगन्ध, इसलिये कि तू ने मेरे पवित्रस्थान को अपनी सारी घिनौनी मूरतों और सारे घिनौने कामों से अशुद्ध किया है, मैं तुझे घटाऊँगा, और तुझ पर दया की दृष्‍टि न करूँगा, और तुझ पर कुछ भी कोमलता न करूँगा।
12 तेरी एक तिहाई तो मरी से मरेगी, और तेरे बीच भूख से मर मिटेगी; एक तिहाई तेरे आस पास तलवार से मारी जाएगी; और एक तिहाई को मैं चारों ओर तितर बितर करूँगा और तलवार खींचकर उनके पीछे चलाऊँगा।
13 “इस प्रकार से मेरा क्रोध शान्त होगा, और अपनी जलजलाहट उन पर पूरी रीति से भड़काकर मैं शान्ति पाऊँगा; और जब मैं अपनी जलजलाहट उन पर पूरी रीति से भड़का चुकूँ, तब वे जान लेंगे कि मुझ यहोवा ही ने जलन में आकर यह कहा है।
14 मैं तुझे तेरे चारों ओर की जातियों के बीच, सब आने-जाने वालों के देखते हुए उजाड़ूँगा, और तेरी नामधराई कराऊँगा।
15 इसलिये जब मैं तुझ को कोप और जलजलाहट और रिसवाली घुड़कियों के साथ दण्ड दूँगा, तब तेरे चारों ओर की जातियों के सामने नामधराई, ठट्ठा, शिक्षा और विस्मय होगा, क्योंकि मुझ यहोवा ने यह कहा है।
16 यह उस समय होगा, जब मैं उन लोगों का नाश करने के लिये तुम पर महँगी के तीखे तीर चलाकर, तुम्हारे बीच महँगी बढ़ाऊँगा, और तुम्हारे अन्नरूपी आधार को दूर करूँगा।
17 मैं तुम्हारे बीच महँगी और दुष्‍ट जन्तु भेजूँगा जो तुम्हें नि:सन्तान करेंगे; और मरी और खून तुम्हारे बीच चलते रहेंगे; और मैं तुम पर तलवार चलवाऊँगा, मुझ यहोवा ने यह कहा है। ”
← Նախորդ Ավարտ
5ը
գլուխ
Հաջորդ →
Ընդգծեք հատվածը՝ սեղմելով դրա համարի վրա։ Գործում է
Shift
և
Ctrl